29 दिनों में छतरपुर पुलिस ने 90 लापता बच्चों को घर लौटाया
मुस्कान अभियान के तहत कुल 227 से अधिक लापता बच्चों को खोजकर सकुशल उनके घर पहुंचाया जा चुका है।

Chhatarpur। विशेष मुस्कान अभियान के अंतर्गत छतरपुर पुलिस को लापता और अपहृत बच्चों की तलाश में बड़ी सफलता मिली है। बीते 24 घंटों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 9 बालिकाओं को सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों को सौंपा गया है। वहीं, पिछले 29 दिनों में कुल 90 बच्चों को उनके परिवारों से मिलवाया गया है।
पुलिस अधी मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत 1 जनवरी 2025 से अब तक कुल 227 से अधिक लापता बच्चों को खोजकर सकुशल उनके घर पहुंचाया जा चुका है।
इस अभियान में न सिर्फ छतरपुर जिले के बच्चों को ढूंढा गया, बल्कि अन्य जिलों और राज्यों से छतरपुर पहुंचे मानसिक रूप से अस्वस्थ या घायल लोगों को भी उनके परिवारों तक पहुंचाया गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस अभियान में ऑर्कछा रोड, भगवा, सिविल लाइन, खजुराहो, गोइरा, गुलगंज, किशनगढ़ और बड़ा मलहरा थाना पुलिस ने विशेष सक्रियता दिखाई।
- ऑर्कछा रोड थाना ने जनवरी 2025 से लापता एक बालिका को नोएडा (उ.प्र.) से और दो अन्य बालिकाओं को सुरक्षित बरामद किया।
- भगवा थाना ने जनवरी में लापता एक बालिका को नई दिल्ली के विकासपुरी से खोज निकाला।
- खजुराहो थाना ने अप्रैल 2025 में गुजरात से लापता हुई बालिका को बरामद किया।
- गुलगंज थाना ने पांच दिन में एक लापता बालिका को खोज निकाला।
- गोइरा थाना ने नवंबर 2024 से लापता एक बालिका को खोजा।
- सिविल लाइन थाना ने वर्ष 2023 से लापता एक बालिका को पुनः परिवार से मिलवाया।
- किशनगढ़ थाना ने तीन दिन में एक बालिका को बरामद किया।
- बड़ा मलहरा थाना ने मार्च 2025 से लापता एक बालिका को बमिथा थाना क्षेत्र से बरामद किया।
छतरपुर पुलिस का यह अभियान लगातार जारी है और मुस्कान अभियान के माध्यम से कई परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई जा रही है।